बोकारो , जून 15 -- झारखंड में बोकारो जिले के आद्रा रेल मंडल के तलगड़िया-महुदा रेलखंड स्थित बारकी सिंघडीह रेलवे पुल के समीप एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतक के शव के पास एक युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतक की पहचान चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डूमरदाहा गांव निवासी 24 वर्षीय श्रीकांत देशवाली के रूप में हुई है। घायल 21 वर्षीय युवती धनबाद जिले के तोपचांची क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। उसका इलाज धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में चल रहा है।

आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ओम प्रकाश मोहंती ने बताया कि रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव तथा कुछ दूरी पर घायल युवती पड़ी मिली। सूचना मिलते ही महुदा आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्तपरीक्षण के लिए चास सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मामले की जांच कर रही है। घायल युवती के बयान के बाद घटना से जुड़े तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित