बोकारो , अक्टूबर 19 -- झारखंड में बोकारो जिले के तेनुघाट मुख्य पथ पर पेटरवार थाना क्षेत्र के टेना झील के समीप दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि पेटरवार थाना क्षेत्र के झिरके गांव निवासी शिक्षक 45 वर्षीय गणेश महतो छत्रु राम महतो चौक पर अपनी पत्नी और बेटे को रांची जाने के लिए वाहन में बैठाने के बाद तेनु रोड स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान घर की ओर मुड़ने के लिए जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक मोड़ी, तभी ओरदाना पंचायत के बंगा गांव निवासी अशोक करमाली तेनु रोड स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर पेटरवार की ओर आ रहे थे। उनकी बाइक पर उसी गांव के घनश्याम करमाली भी पीछे बैठे हुए थे। इसी बीच अशोक करमाली की बाइक गणेश महतो की बाइक से जोरदार टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुंदन राज ने गंभीर रूप से घायल गणेश महतो और अशोक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

वहीं, घनश्याम करमाली को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे में गणेश महतो और अशोक करमाली के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। गणेश महतो को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, इलाज के दौरान निधन हो गया। शिक्षक की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित