बोकारो , जुलाई 19 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया तेनुघाट डेम के किनारे मछली पकड़ने गए साडम केवट टोला के निवासी संतोष केवट की वज्रपात से हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि संतोष रोज की तरह बीते शाम को तेनुघाट डेम पर मछली पकड़ने गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने ग्रामीणों को सूचित किया। ग्रामीणों ने डेम के किनारे खोजबीन शुरू की तो संतोष को मूर्च्छित अवस्था में पाया गया। उसे तत्काल ग्रामीणों ने नज़दीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि प्राथमिक जांच में संतोष के शरीर पर जले हुए निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया वज्रपात से मौत की संभावना जताई जा रही है। गोमिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्तपरीक्षण के लिए तेनुघाट अस्पताल भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि मौत के असली कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मृतक संतोष घर का इकलौता कमाऊ सदस्या था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। विधवा मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चे अचानक बेआश्रित हो गए हैं और परिवार दाह-संस्कार की व्यवस्था को लेकर परेशान है।

स्थानीय मुखिया शोभा देवी गोमिया व बीडीओ से संपर्क कर परिवार की मदद के प्रयास कर रही हैं ताकि पोस्टमार्टम के उपरांत दाह संस्कार में प्रशासनिक सहायता मिल सके।

घटना के बाद गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग और ग्रामीण प्रशासन से मुआवज़ा व राहत की माँग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित