बोकारो , अप्रैल 12 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया वन क्षेत्र के जागेश्वर जंगल में महुआ चुनने गई एक महिला की जंगली हाथियों के हमले से दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतका की पहचान ठकिनी देवी के रूप में हुई है। वन विभाग ने इस घटना के बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। घटना उस समय घटी जब ठकिनी देवी जंगल में महुआ चुनने गई थीं। सूत्रों के अनुसार जागेश्वर जंगल और आसपास के क्षेत्रों में 12 जंगली हाथियों का झुंड घूम रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृतका के परिजनों को तत्काल आंशिक नकद सहायता दी गई, जबकि शव का अन्तपरीक्षण के लिए तेनुघाट अस्पताल भेजा गया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शेष मुआवजा राशि भी सरकारी नियमों के तहत शीघ्र दी जाएगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि मानव जीवन सर्वोपरि है। थोड़े से महुआ के लालच में जंगल में न जाएं। क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) हाथियों पर नजर रख रही है। सभी को सलाह दी गई है कि सतर्क रहें और पक्के मकानों में ही रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित