बोकारो , अप्रैल 23 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के यदुवंश नगर से 42 वर्षीय महिला बेबी देवी पिछले 3 दिनों से लापता हैं।

परिजनों ने चास थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस जांच के बावजूद अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि परिजनों के अनुसार उनके परिजन के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उन्हें जमशेदपुर आने को कहा, जिससे परिवार में दहशत फैल गई है। परिवार वाले बोकारो पुलिस से लगातार गुहार लगा रहे हैं ।

विगत 3 दिन गुजरने के बाद भी खबर न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और अनहोनी की आशंका बढ़ती जा रही है।

चास थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

अनजान नंबर से आई कॉल को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कॉल डिटेल और लोकेशन की पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित