बोकारो , अप्रैल 13 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास थाना प्रभारी को अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल के आरोप में तत्काल तबादला कर लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि एसपी हरविंदर सिंह ने चास थाना प्रभारी पुनि सुषमा कुमारी को पुलिस केंद्र बोकारो में पदस्थापित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें चास थाना प्रभारी द्वारा अजय नामक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज का इस्तेमाल करते दिखाया गया। इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चास और सदर बोकारो को जांच के निर्देश दिए गए। जांच रिपोर्ट में वायरल ऑडियो की पुष्टि हुई, जिसमें थाना प्रभारी द्वारा पुरुष के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते पाया गया।
जांच के आधार पर एसपी ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए पुलिस निरीक्षक सुषमा कुमारी को अगले आदेश तक के लिए पुलिस केंद्र बोकारो में भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित