बोकारो , अक्टूबर 05 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास अंचल कार्यालय में कुछ अज्ञात लोगों के जबरन प्रवेश कर अंचल अधिकारी से दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है।
अंचल अधिकारी सेवाराम साहू ने चास थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।
अंचल अधिकारी की ओर से थाना प्रभारी को दिये गये आवेदन के अनुसार, पांच अक्तूबर को करीब 1:30 बजे कुछ अज्ञात लोग कथित रूप से जबरन उनके कार्यालय कक्ष में प्रवेश कर गये। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोगों ने अंचल अधिकारी को डराया-धमकाया।
आवेदन के अनुसार, उन्हें रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और आहत करने का प्रयास किया। कार्यालय में तैनात गृह रक्षक जवानों के साथ भी बकझक किये जाने का आरोप लगाया गया है।
अंचल अधिकारी ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके कार्यालय कक्ष का दरवाजा तोड़ने का प्रयास भी किया गया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही गयी है। अंचल अधिकारी ने घटना की जांच और आरोपियों की पहचान के लिए कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंपी है। फुटेज को शिकायत के साथ साक्ष्य के तौर पर संलग्न किया गया है।
अंचल अधिकारी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के दौरान कार्यालय में चल रहे सरकारी कार्यों में भी बाधा डालने का प्रयास किया गया। इसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) समेत अन्य सरकारी कार्य शामिल हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच करने और दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
मामले में पुलिस को लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज सौंपे जाने के बाद अब घटना की जांच की जानी है. आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित