बोकारो , अगस्त 21 -- झारखंड में बोकारो जिले के चंदनकियारी के ग्राम पंचायत चंद्रा टोला के निवासी संजय टुड्डू (52) की चिराचास स्थित एक अपार्टमेंट में मजदूरी के दौरान बिजली करंट लगने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मामले के बाद परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व ठेकेदार उत्तम प्रसाद मंडल के बीच समझोता किया गया।
समझौते के अनुसार मानवता के आधार पर मृतक की पत्नी श्रीमती देवी को कुल आठ लाख रुपये दिए जाने पर सहमति बनी। इसमें से तीन लाख रुपये तत्काल नकद दिए गए और शेष पांच लाख रुपये तीन माह के भीतर भुगतान करने का लिखित आश्वासन लिया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गयी तथा पीड़ित परिवार ने कानूनी कार्रवाई की बजाय समझौता करने का विकल्प चुना। ठेकेदार ने कहा कि शेष राशि समय पर दी जाएगी और मृतक के परिजनों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि भविष्य में मजदूरों की सुरक्षा व विद्युत सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित