बोकारो , जुलाई 21 -- झारखंड में बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना पुलिस ने लापता युवक सागर कुमार हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक (सदर) ने आज यहां बताया कि चंदनक्यारी बरमसिया ओ पी थाना कांड संख्या-85/2026, दिनांक 18 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अंतर्गत दर्ज मामले में 19 वर्षीय सागर कुमार की लगातार तलाश की जा रही थी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मानिक मांझी (लगभग 50 वर्ष), निवासी भवानीडीह, थाना चंदनकियारी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने सागर कुमार की हत्या कर शव को आमगोंडीह गांव के समीप सिधाबांध जंगल स्थित एक कुएं में छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर 20 जुलाई को पुलिस ने उक्त कुएं से सागर कुमार को शव बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अन्तपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं डंडा भी जब्त किया है। साथ ही अन्य साक्ष्यों का संग्रह किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बताया गया कि आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है। इस कार्रवाई में चंदनकियारी (बसरिया ओपी) के प्रभारी शैलेन्द्र पासवान, महेंद्र राणा, हवलदार शंभु मंडल, आरक्षी मनोज कुमार मिश्रा, चालक आरक्षी शिव शंकर प्रसाद एवं चौकीदार मिलन कुमार राय शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित