बोकारो , जुलाई 10 -- झारखंड मे बोकारो जिले के पेटरवार थाना पुलिस ने 50 हजार रुपये की छिनतई मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 23 हजार रुपये नकद बरामद किया है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में 9 जून को पेटरवार गेस्ट हाउस के पास 49 हजार रुपये की लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, कोनारबेड़ा निवासी मंजू देवी ने 8 जुलाई को पेटरवार थाना में आवेदन देकर बताया था कि बैंक ऑफ इंडिया, पेटरवार शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौटने के दौरान जाराटांड़ व्यापार मंडल भवन के समीप सुनसान स्थान पर बुलेट सवार दो अपराधियों ने उनसे रुपये छीन लिए। मामले में पेटरवार थाना कांड संख्या 114/26 दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो (तेनुघाट) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
मानव एवं तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सहारजोरी (चंदनकियारी) निवासी 38 वर्षीय दिलीप तिवारी और 32 वर्षीय ब्रजेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (जेएच09बीएल-8183) तथा 23 हजार रुपये नकद बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलीप तिवारी के खिलाफ बोकारो के विभिन्न थानों के अलावा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भी कई आपराधिक मामला दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित