बोकारो , अक्टूबर 10 -- झारखंड मे बोकारो जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन के पति रमेश कुमार ने अपनी पत्नी, सास और ड्राइवर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि इस संबंध में उन्होंने सिटी थाना में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने रमेश कुमार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उनके कंधे, हाथ और जांघ पर दांत से काटने के निशान मिलने की बात सामने आई है।

रमेश कुमार के अनुसार, ड्राइवर को धमकी देने के मुद्दे पर उनकी पत्नी के साथ कहासुनी हुई थी, जो बाद में विवाद में बदल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि थाना परिसर में मौजूद रहने के दौरान उनकी पत्नी के फूफाजी ने फोन पर उन्हें धमकी दी। रमेश कुमार ने इस मामले में डीसी के स्टेनो अजय यादव पर संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

रमेश कुमार ने बताया कि वह पूर्व सैनिक हैं। नौकरी छोड़ने के बाद वह परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, मामले में जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

फिलहाल, पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना और पुलिस जांच के निष्कर्ष आना बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित