बोकारो , जून 18 -- झारखंड में बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम चुट्टे की रहने वाली जीव कुमारी (33) को पुलिस ने बैंक से कर्ज दिलवाने और कर्ज वापसी के लिए बैंक में रकम जमा कराने के नाम पर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि यह मामला चतरोचट्टी थाना में 12 अप्रैल को दर्ज प्राथमिकी संख्या 70/2026 के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से लोगों को बैंक कर्ज दिलाने का झांसा देकर उनसे रकम ऐंठती थी। शिकायत में बताया गया कि अभियुक्त रियायती या चुना-प्रथा के नाम पर लोगों से रुपये वसूलती रहती थी। जांच के दौरान अभियुक्त फरार थी।

गुप्त सूचना के आधार पर चतरोचट्टी थाना पुलिस ने छापेमारी कर रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित बासल (रामगढ़) टोल प्लाजा के समीप से जीव कुमारी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

यह कार्रवाई चतरोचट्टी थाना प्रभारी पुअनि कन्दन कुमार यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में आरक्षी बिपिन नंदा हांसदा, अजय महतो, किशोर कुमार महतो तथा महिला चौकीदार खुशबू कुमारी, तीजो कुमारी और विभा हांसदा शामिल आदि शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित