बोकारो , जुलाई 29 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया-चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के कतवारी गांव के प्रवासी मजदूर सत्येंद्र महतो का शव एक महीने बाद सऊदी अरब से गांव पहुंचा।

शव पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि शव का अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

जानकारी के अनुसार सत्येंद्र महतो विगत 26 नवंबर 2024 को रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वे हमद सालेह अल-काफ कॉन्ट्रैक्टिंग एस्टैब्लिशमेंट कंपनी में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करते थे। विगत 25 जून को सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी।

सत्येंद्र महतो अपने पीछे पत्नी, पुत्री प्रीति कुमारी (21 वर्ष), पुत्र अरविंद कुमार और मंगेश कुमार (13 वर्ष) को छोड़ गए हैं। मौके पर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकंदर अली पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी विदेशों से महीनों बाद शव आने के मामले सामने आते रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित