बोकारो , मई 07 -- झारखंड में बोकारो जिले के एनएच-32 पर पिंड्राजोरा थाना से महज 500 मीटर दूर गवाई नदी पुल के पास गैस टैंकर में आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि चास से बंगाल जा रही टैंकर का अगला टायर फटने से वह असंतुलित होकर पलट गई, जिससे पूरे टैंकर में आग भड़क उठी। घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। इस हादसे में टैंकर चालक बुरी तरह झुलस गया। पिंड्राजोरा पुलिस ने उसे तत्काल गंभीर हालत में अस्पताल भेज दिया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग घरों में दुबक गए और इलाके में कर्फ्यू जैसा माहौल बन गया।
प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए काशी झरिया मोड़ और नगेनमोड़ के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों व राहगीरों को रोक दिया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित