रांची , मार्च 29 -- झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
विभाग ने कहा है कि खुले स्थानों पर खड़े होने और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें, क्योंकि इस दौरान बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन में हल्की गर्मी का एहसास होगा। कई जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना है।
रविवार को मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची में 32.2 डिग्री और जमशेदपुर में 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
31 मार्च को एक बार फिर मौसम करवट लेगा। राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग को छोड़कर लगभग सभी जिलों-रांची, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, देवघर, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
एक अप्रैल को दक्षिणी झारखंड में भी कहीं-कहीं तेज हवा और गर्जन के साथ बारिश के संकेत हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश दर्ज की गई है। संताल परगना के राजमहल में सबसे अधिक 64 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रांची, जमताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग और रामगढ़ सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल और ओडिशा क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक राज्य में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित