रांची , मार्च 06 -- झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा।

मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज शाम से आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 7 मार्च से 10 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 7 और 8 मार्च को राज्य के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी भागों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

वहीं 9 और 10 मार्च को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों में कहीं-कहीं बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च से राज्य में मौसम के साफ होने के आसार हैं। राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।

इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित