रांची , मई 29 -- झारखंड में भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम अस्थिर बना रहेगा और कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है।

विभाग के मुताबिक रांची, पलामू, गढ़वा, लातेहार और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात की भी आशंका व्यक्त की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर अगले चार से पांच दिनों तक बना रह सकता है। बारिश और तेज हवाओं के कारण राज्य के तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक लू चलने की संभावना काफी कम बताई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि तेज आंधी और बिजली चमकने के समय लोग खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को भी फसल और पशुओं की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की आशंका जताई गई है, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर ध्यान देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित