रांची , मई 13 -- झारखंड में की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिले में मौसम ने करवट ले ली है।

मई की तपती गर्मी के बीच मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ है। रांची में आज दोपहर के बाद झमाझम बारिश हुई। वहीं कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, बादल छाने और तेज हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक वर्तमान में एक ट्रफ दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक फैली हुई है, जो पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है. यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर तक सक्रिय है। इसी वजह से वातावरण में नमी बढ़ रही है और झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन रही है।

15 मई को राज्य के उत्तर -पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे लेकर विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रांची और आसपास के इलाके सहित राज्य के विभिन्न जिलों में हो रही बारिश की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम है।

16 मई को मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है। इस दौरान राज्य के मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम केंद्र के मुताबिक 17 मई तक झारखंड के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम का प्रभाव बना रहेगा। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है।

मंगलवार को तेज आंधी और वज्रपात से जनजीवन भी प्रभावित हुआ। रांची में कई जगह पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि चतर में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। रामगढ़ में भी खराब मौसम के कारण दो दर्जन से अधिक मवेशियों की जान चली गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित