रांची , अप्रैल 08 -- झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में अपने ही बड़े भाई की हत्या करने के आरोपी छोटे भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश पर की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय सिन्दु भुईया, पिता विशुनदेव भुईया, निवासी ग्राम ठेकही (पो. ताल) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला पांकी थाना कांड संख्या 45/2026 के तहत दर्ज किया गया है। घटना के संबंध में मृतक पिंटू भुईया उर्फ पिंटू कुमार की पत्नी रजंती देवी (33 वर्ष) के फर्दबयान पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनस) 2023 की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

आरोप है कि आपसी विवाद के दौरान सिन्दु भुईया ने टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर अपने बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (लेस्लीगंज) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने लगातार दबिश देते हुए 8 अप्रैल 2026 को आरोपी को उसके गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त टांगी (कुल्हाड़ी) और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं, जो मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जा रहे हैं।

थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया।

इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी राजेश रंजन, एसएसआई गणेश मुण्डा, पुलिसकर्मी रविन्द्र राहुल साय और ताल पिकेट प्रभारी मुरारी दास समेत अन्य जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित