रांची , अप्रैल 30 -- झारखंड की राजधानी रांची में रिम्स प्रबंधन ने मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन (एमएचए) की छात्रा ओली विश्वकर्मा का नामांकन रद्द कर दिया है।
ओली पर डेंटल सर्जरी की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की साजिश रचने का गंभीर आरोप है और वह फिलहाल जेल में है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर दाखिला लेने के मामले में की गई है। नामांकन के दौरान ओली द्वारा प्रस्तुत अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाण पत्र की सत्यता जांचने के लिए रामगढ़ के उपायुक्त (डीसी) ने एक विशेष जांच समिति का गठन किया था।
समिति की जांच में यह सामने आया कि आरक्षण का लाभ लेने के उद्देश्य से गलत तरीके से जाति प्रमाण पत्र बनवाया गया था। जांच रिपोर्ट में प्रमाण पत्र को फर्जी करार दिया गया, जिसके बाद रिम्स प्रबंधन ने सख्त कदम उठाते हुए छात्रा का नामांकन रद्द करने का निर्णय लिया।
ज्ञातव्य है कि बीते 9 अप्रैल को ओली ने अपना जन्मदिन बताकर डेंटल सर्जरी की छात्रा को अपने फ्लैट पर बुलाया था। आरोप है कि वहां केक में नशीला पदार्थ मिलाकर छात्रा को बेहोश किया गया। इसके बाद ओली के मित्र मो. दानिश ने कथित तौर पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित