रांची , सितंबर 11 -- झारखंड में प्रसिद्ध आगामी करमा पर्व 2026 को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार आज अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) रांची धनंजय एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत द्वारा संयुक्त रूप से सभी प्रमुख सरना समितियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक समाहरणालय ब्लॉक-ए में स्थित अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी समन्वय समिति के संयोजक लक्ष्मी नारायण मुंडा, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा, केंद्रीय सरना संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिवा कच्छप, जगलाल हेम्ब्रम, ज्योत्सना करकेट्टा, केंद्रीय घुमक्कड़िया करम टोली चौक छोटा नागपुर सरना समिति नामकुम रांची के सचिव तथा जिले की अन्य प्रमुख सरना समितियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सरना समितियों के प्रतिनिधियों ने करमा पर्व को सुव्यवस्थित एवं भव्य ढंग से आयोजित करने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने करमा पूजा स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने, अखड़ा में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा करमा पर्व के अवसर पर शराब बंदी लागू करने की मांग की। साथ ही, करमा करने वाले श्रद्धालुओं को साड़ी एवं धोती उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया।

अधिकारियों ने सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और पर्व की तैयारियों को लेकर सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन दिया। बैठक में करमा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। यह बैठक आगामी करमा पर्व की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित