मेदिनीनगर , जुलाई 14 -- झारखंड में पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के हुटुकदाग गांव में मंगलवार को आधा कट्ठा जमीन के लिए एक बुजुर्ग को गोली मार दी गयी।
गोली मारने वालों की संख्या तीन थी। वे गोतिया परिवार के लोग बताये गए हैं। खेत जोतने के क्रम में घटना हुई। बुजुर्ग को पहले छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराया गया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। कुछ घंटे की ऑपरेशन के बाद पेट में लगीे गोली निकाल दी गयी। बुजुर्ग को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
इस संबंध में परिजनों का बयान लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जख्मी बुजुर्ग की पहचान हुटुकदाग गांव विश्वनाथ लोहरा के रूप में हुई है। गोली मारने वाला मथुरा लोहरा बताया गया है। घटना के बाद से आरोपी और उसके भाई फरार हैं।
बताया जाता है किविश्वनाथ लोहरा के घर से दो सौ मीटर दूर आधा कट्ठा से कम जमीन है। उस जमीन को गोतिया को मथुरा लोहरा एवं उसके चार भाइयों ने जोत दिया था। जानकारी मिलने पर विश्वनाथ लोहरा एवं उनके तीन भाई खेत की तरफ देखने गए थे। वहां विश्वनाथ और मथुरा के बीच जमीन जोतने को लेकर कहा सुनी हुई। इसी बीच अचानक मथुरा लोहरा घर से बंदूक लेकर आया और विश्वनाथ लोहरा पर फायरिंग कर दी। गोली पेट में लगी। गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और जख्मी हालत में विश्वनाथ को इलाज के लिए ले गए।
एमएमसीएच में प्रारंभिक इलाज के बाद डा. सुशील पांडे, डा. संजय कुमार, डा. सब्यासाची एवं जूनियर डाक्टरों की टीम ने विश्वनाथ लोहरा का सफल ऑपरेशन किया और पेट से गोली निकाल दी। यहां मौजूद परिजनों ने घटना की पूरी जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित