मेदिनीनगर , जुलाई 10 -- झारखंड के पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र के चियांकी में नेशनल हाइवे 39 निर्माण के दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हिं सक झड़प मामले में 25 नामजद और 120 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सदर सीओ जागो महतो के आवेदन के आधार पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
ज्ञातव्य है कि नेशनल हाइवे फोरलेन निर्माण के लिए चियांकी में जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। गुरूवार को जमीन अधिग्रहण के लिए गई प्रशासनिक और पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों की झड़प हुई थी। पत्थरबाजी में दो पुलिस जवान जख्मी हो गए थे। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में तीन ग्रामीण जख्मी हुए थे। झड़प की आशंका को देखते हुए चियांकी के इलाके में 9-10 जुलाई को निषेधाज्ञा लागू की गयी थी।
अंचलाधिकारी ने अपने आवेदन में लिखा है कि अतिक्रमण हटाने के लिए अंतिम अवसर दिया जा रहा था। इसी क्रम में भोला राम की पत्नी पूर्णिमा देवी भीड़ को ललकारते हुए एनएचएआई का काम रुकवाने एवं सड़क निर्माण में लगे उपकरण को नुकसान पहुंचाने के नीयत से ईंट-पत्थर से हमला शुरू कर दिया। पूर्णिमा देवी को देखकर वहां पर एकत्रित भीड़ भी काफी उग्र हो गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित