रांची , अक्टूबर 28 -- झारखंड में टीबी के संभावित मरीजों की पहचान और जांच दर बढ़ाने के लिए उच्च जोखिम वाले समूहों की मैपिंग कर विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बुधवार को सभी जिलों के जिला यक्ष्मा पदाधिकारियों के साथ हुई वर्चुअल समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मरीजों की समय पर जांच और इलाज सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें मिलने वाली निक्षय पोषण योजना की सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजने पर जोर दिया।
आरसीएच परिसर, नामकुम में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शशि प्रकाश झा ने कहा कि टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए जांच की दर बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टीबी के उच्च जोखिम वाले समूहों की पहचान कर उनकी मैपिंग की जाए और योजनाबद्ध तरीके से जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जाए।
अभियान निदेशक ने स्पष्ट किया कि सभी जिलों को टीबी मरीजों की जांच के निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि जिन जिलों का प्रदर्शन लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, वहां के अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं। निर्धारित समय पर लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले संबंधित जिला पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने टीबी मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के साथ उपचार के दौरान मिलने वाली सहायता राशि के भुगतान में देरी नहीं करने का निर्देश भी दिया। निक्षय पोषण योजना के तहत पात्र मरीजों को मिलने वाली आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जॉइंट स्क्वॉड फॉर हेल्थ (जोश) टीम का सहयोग लिया जाएगा। इसके तहत राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। ये स्वयंसेवक लोगों को टीबी के लक्षणों, समय पर जांच कराने और उपचार पूरा करने के महत्व के प्रति जागरूक करने में सहयोग करेंगे।
बैठक में राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, राज्य स्तरीय टीबी कार्यक्रम के पदाधिकारी और विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ. सतीश सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करें और निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित