लखनऊ , अगस्त 13 -- झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षाओं में अनियमितताओं एवं पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया।
अभाविप की लखनऊ महानगर इकाई के कार्यकर्ता हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के निकट एकत्र हुए और झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, अनियमितताएं और पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। इन मुद्दों को लेकर छात्र शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उन पर पुलिस ने बल प्रयोग किया।
अभाविप के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे छात्रों की मांगें सुनने के बजाय झारखंड सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन पर लाठीचार्ज कराया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
महानगर मंत्री सरिता पांडे ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियां सरकार की लापरवाही का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि अभाविप छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर रही है और झारखंड सरकार से आंदोलनरत छात्रों की मांगों को तत्काल स्वीकार करने तथा परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित