रांची , नवंबर 10 -- झारखंड की राजधानी रांची में लोक आस्था के महापर्व 'छठ' के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरफ) की टीम पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में आ गई है।

एनडीआरफ के जवानों की एक विशेष टीम मंगलवार को रांची स्थित प्रसिद्ध धुर्वा डैम पहुंची और वहां सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। छठ पूजा के दौरान जलाशयों और नदी तटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है।

ऐसे में किसी भी संभावित दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरफ ने धुर्वा डैम परिसर और आसपास के इलाकों में फ्लैग मार्च व रूट मार्च निकाला।

धुर्वा डैम में छठ महापर्व के दौरान इसकी अहमियत और बढ़ा देती है। छठ पूजा में व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जलाशयों, नदियों और तालाबों के किनारे पहुंचते हैं। धुर्वा डैम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। शाम के अर्घ्य के दौरान डूबते सूर्य को नमन करने और अगली सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए यहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है।

इस वर्ष छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर, रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर, सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। रांची में 15 नवंबर को सूर्यास्त का समय लगभग शाम 5 बजकर 4 मिनट है, जबकि 16 नवंबर को सूर्योदय सुबह लगभग 6 बजकर 3 मिनट पर होगा। इसी दौरान व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगेधुर्वा डैम जैसे बड़े जलाशय में छठ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एक साथ पानी में उतरने, गहरे पानी में जाने और फिसलन जैसी परिस्थितियों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर शाम और सुबह के अर्घ्य के समय घाटों पर भीड़ का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में एनडीआरफ की टीम की सक्रियता काफी महत्वपूर्ण हो जाती है. जवानों ने रूट मार्च के जरिए घाट और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने की तैयारी को लेकर टीम की मौजूदगी अहम मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित