मेदिनीनगर , अगस्त 11 -- झारखंड के पलामू जिले में पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबवना गांव में रिवर्सिबल लाइन पर मंगलवार पूर्वाहन 11 बजे एक मालगाड़ी के 11 डब्बे पटरी से उतर गए।

इन डब्बो में कोयला भरे हुए थे। इस घटना से डाउन लाइन पर परिचालन ठप हो गया है। मालगाड़ी बरकाकाना की ओर से कोयला लेकर सोन नगर की ओर जा रही थी। सूचना मिलने पर रेलवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है। रेलवे ट्रैक को खाली करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोयला लेकर एक मालगाड़ी गढ़वा रोड स्टेशन पार करके सिगसिगी स्टेशन की ओर जा रही थी। इसी क्रम में ग्रासिम इंडस्ट्री के समीप सबनवा गांव में रिवर्सिबल लाइन पर मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने तथा रेलवे ट्रैक को दुरुस्त कर परिचालन जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस हादसे के कारण रेलवे को भारी राजस्व का नुकसान होने के साथ रेल परिचालन पर भी असर पड़ा है। दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मालगाड़ी के बेपटरी होने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अपएवं डाउन लाइन को कोई नुकसान नहीं हुआ है। डाउन लाइन पर थोड़े दूर में मालगाड़ी के कुछ डब्बे झुके हुए हैं, इसलिए दूसरे ट्रेन के टकराने के कारण फिलहाल परिचालन का निर्णय नहीं लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित