रांची , मई 09 -- झारखंड के रांची में रविवार सुबह एसएससी जीडी (स्टाफ सिलेक्शन कमीशन-जनरल ड्यूटी) परीक्षा के दौरान कथित रूप से चीटिंग करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई एसएससी की ओर से मिली सूचना के आधार पर रांची पुलिस ने की। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि रांची के पंडरा स्थित एक ऑनलाइन एग्जाम सेंटर में परीक्षा के दौरान कदाचार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग एसएससी जीडी परीक्षा में चीटिंग कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने एग्जाम सेंटर पहुंचकर कार्रवाई की और छह लोगों को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना एसएससी को भी एग्जाम सेंटर से ही प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परीक्षा में चीटिंग किस तरीके से की जा रही थी।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद रांची पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित