रांची , अप्रैल 20 -- झारखंड में राजधानी रांची सहित राज्यभर में अप्रैल के मध्य में ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
रांची का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 1.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्शाता है।
सुबह की शुरुआत से ही उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है और दिन चढ़ने के साथ इसका असर और तेज हो रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
हालांकि सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है, लेकिन दोपहर की गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। इसका असर बाजारों और सड़कों पर भी दिख रहा है, जहां दोपहर में भीड़ कम हो गई है।
राज्य के अन्य जिलों में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। मेदिनीनगर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं जमशेदपुर में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिसमें 4.8 डिग्री की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार रांची, पलामू, कोडरमा, हजारीबाग और जमशेदपुर में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके अलावा बोकारो, देवघर, धनबाद और गिरिडीह जैसे जिलों में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं।
विभाग ने बताया है कि झारखंड का मौसम फिलहाल गर्म और शुष्क बना रहेगा। पलामू, जमशेदपुर, कोडरमा, बोकारो, देवघर, हजारीबाग और धनबाद में दोपहर के समय तेज गर्मी और लू चलने की आशंका है। वहीं गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं तथा हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और अधिकांश मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 21 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, जिसका असर 23 अप्रैल तक बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लोगों को अधिक पानी पीने, ओआरएस का सेवन करने तथा हल्के और ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। वहीं 24 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ राहत मिल सकती है। तब तक लोगों को भीषण गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित