रांची , अगस्त 05 -- चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने रांची में विश्वस्तरीय "झारखंड मेडिको सिटी" की स्थापना के लिए Rs.2,84,17,24,900 की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) को भेज दिया है।
कैबिनेट की स्वीकृति मिलते ही परियोजना पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह परियोजना झारखंड को देश के प्रमुख मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और झारखंड में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देश के कई प्रतिष्ठित अस्पताल समूहों के साथ सकारात्मक वार्ता चल रही है। सभी अस्पताल समूहों ने झारखंड में निवेश और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने में रुचि दिखाई है।
उन्होंने बताया कि अपोलो हॉस्पिटल्स, फोर्टिस हेल्थकेयर, मैक्स हेल्थकेयर, मेडांता-द मेडिसिटी, नारायणा हेल्थ, मणिपाल हॉस्पिटल्स, यशोदा हॉस्पिटल्स (हैदराबाद), केआईएमएस हॉस्पिटल्स, ग्लोबल हॉस्पिटल्स (चेन्नई), कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल (मुंबई) तथा अन्य प्रतिष्ठित अस्पताल समूहों को झारखंड में अपने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इन अस्पताल समूहों के साथ जल्द ही एमओयू किए जाएंगे, ताकि झारखंड में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोसाइंस, किडनी एवं लिवर ट्रांसप्लांट, ऑर्थोपेडिक्स, महिला एवं शिशु स्वास्थ्य, नेत्र चिकित्सा सहित सभी प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
डॉ. अंसारी ने कहा कि आज झारखंड के हजारों मरीज गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे शहरों का रुख करते हैं। इससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। मेडिको सिटी के निर्माण और देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के आगमन के बाद लोगों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध होगा और उन्हें दूसरे राज्यों में भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि झारखंड की अर्थव्यवस्था, चिकित्सा शिक्षा, मेडिकल रिसर्च और रोजगार के क्षेत्र में भी नई क्रांति लेकर आएगी। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा और झारखंड पूरे पूर्वी भारत का अग्रणी स्वास्थ्य एवं मेडिकल टूरिज्म केंद्र बनकर उभरेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित