रांची , अप्रैल 05 -- झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच से राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) ने सात सक्रिय नक्सलियों के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है।

इनमें चार महिला नक्सली और एक करोड़ रुपये का इनामी उग्रवादी भी शामिल है। एनआईए द्वारा भेजे गए पत्र में जिन नक्सलियों की जानकारी मांगी गई है, उनमें रीता उर्फ मानस, रजनी, सुनीता, विनीता, अनमोल दा (एक करोड़ का इनामी), सोहन पुनेम और संदीप उर्फ हिड़मा के नाम शामिल हैं।

आधिकरिक सूत्रों के अनुसार, चारों महिला नक्सली-सुनीता, विनीता, रीता और रजनी-पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ सक्रिय हैं और फिलहाल सारंडा क्षेत्र में उनकी गतिविधियों की सूचना मिली है। वहीं सोहन पुनेम और संदीप बीजापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

एनआईए ने झारखंड के विभिन्न थानों में इन नक्सलियों के खिलाफ दर्ज मामलों, उनकी वर्तमान गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़ी पूरी रिपोर्ट मांगी है। जानकारी के मुताबिक, एजेंसी फरार और वांटेड नक्सलियों का डोजियर तैयार कर रही है, जिसके तहत प्रमुख उग्रवादियों की विस्तृत प्रोफाइल जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित