रांची , जुलाई 19 -- झारखंड पुलिस के सिपाही स्तर के पुलिसकर्मियों के लिए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने का सुनहरा अवसर आया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) ने नई दिल्ली के महिपालपुर स्थित अपने कार्यालय में प्रतिनियुक्ति के आधार पर सिपाही पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में झारखंड सहित सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और अन्य केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुखों को पत्र भेजकर पात्र पुलिसकर्मियों से आवेदन आमंत्रित करने का अनुरोध किया है। अधिसूचना में कहा गया है कि प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार रिक्तियों की संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकती है।
चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के पे-मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक का वेतन मिलेगा। यह पूर्व की वेतन व्यवस्था के पे-बैंड-1 (5,200-20,200 रुपये) एवं ग्रेड पे 2,000 रुपये के समकक्ष है।
एनसीआरबी ने स्पष्ट किया है कि चयनित कर्मचारियों को उनके मूल विभाग द्वारा तत्काल कार्यमुक्त किया जाएगा, ताकि वे प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवा ग्रहण कर सकें।
इच्छुक एवं पात्र पुलिसकर्मी निर्धारित आवेदन प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। केवल उन्हीं आवेदनों पर विचार किया जाएगा, जिनके संबंध में संबंधित विभाग चयन होने की स्थिति में तत्काल कार्यमुक्त करने के लिए सहमत होगा। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और अन्य शर्तें अधिसूचना में निर्धारित की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित