रांची , फरवरी 27 -- झारखंड नगर निकाय चुनाव के कई जिलों के परिणाम की आज घोषणा कर दी गई।

दुमका नगर परिषद के चुनाव में झामुमो के कार्यकर्ता रहे अभिषेक चौरसिया ने दो पूर्व नगर परिषद अध्यक्षों को पछाड़ कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज किया। नगर परिषद के घोषित चुनाव परिणाम के मुताबिक अभिषेक चौरसिया अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय कुमार झा को 667 मतों के अंतर से हराकर निर्वाचित घोषित किये गये। अभिषेक को कुल 6781मत प्राप्त हुए। जबकि द्वितीय स्थान पर रहे पूर्व नगर परिषद की अध्यक्ष श्वेता झा के पति अजय कुमार झा को 6114 मतों से ही संतोष करना पड़ना पड़ा।

साहिबगंज नगर परिषद अध्यक्ष पद पर झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान विजय हुए।

कोडरमा जिले के कोडरमा नगर पंचायत के अध्यक्ष के रूप में साजिद हुसैन निर्वाचित घोषित किए गए हैं। उन्होंने राजेश कुमार सिंह को 1195 मतों से पराजित किया। वहीं भाजपा समर्थित प्रत्याशी कांति देवी तीसरे स्थान पर रहीं।

झुमरी तिलैया नगर परिषद से रमेश हर्षधर 729 मतों से विजयी। रमेश हर्षधर को मिले कुल 6972 मत दूसरे स्थान पर रहे राजेन्द्र जयसवाल को 6243 मत मिले।

डोमचांच नगर अध्यक्ष प्रत्याशी उमेश वर्मा ने 925 वोट से निकटतम प्रतिद्वंदी पप्पू मेहता को हराया।

वहीं पलामू जिले के छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में बहुकोणीय मुकाबला अंततः एकतरफा जनादेश में बदल गया। आधिकारिक मतगणना के अनुसार अरविंद गुप्ता उर्फ़ चुनमुन ने 5293 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए निर्णायक जीत दर्ज की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित