रांची , अगस्त 23 -- झारखंड पुलिस के 11 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आतंकवाद, साइबर अपराध, अवैध घुसपैठ, ड्रोन से उत्पन्न खतरे, नारकोटिक्स, सूचना युद्ध और प्रदर्शन-आंदोलनों के बदलते स्वरूप जैसी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर मंथन करेंगे।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की ओर से 24 और 25 अगस्त को दो दिवसीय नेशनल सिक्योरिटी स्ट्रैटेजीज कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन हाइब्रिड मोड में आयोजित होगा।
झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रांची के बूटी रोड स्थित आईबी कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सम्मेलन में शामिल होंगे। डीजीपी के निर्देश पर अधिकारियों की भागीदारी और उनकी जिम्मेदारियों को लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। सम्मेलन में शामिल होने वाले अधिकारियों के लिए फॉर्मल ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है।
सम्मेलन के पहले दिन काउंटर टेररिज्म चुनौतियों पर आईजी प्रभात कुमार, आईजी अनूप बिरथरे और एसपी राज कुमार मेहता चर्चा करेंगे। वहीं, खुफिया जानकारी के संलयन, विश्लेषण और संचालन से जुड़े सत्र में आईजी प्रभात कुमार और डीआईजी संजीव कुमार हिस्सा लेंगे।
नारकोटिक्स कंट्रोल की प्रगति, चुनौतियों और आगे की रणनीति पर आईजी असीम विक्रांत मिंज और एसपी पूज्य प्रकाश मंथन करेंगे। अवैध प्रवासियों की पहचान और निर्वासन के मुद्दे पर आईजी प्रभात कुमार और एसपी हरविंदर सिंह भाग लेंगे।
साइबर अपराध से निपटने के ढांचे पर आईजी असीम विक्रांत मिंज चर्चा करेंगे। वहीं, पाकिस्तान के प्रॉक्सी वारफेयर के आयाम और जवाबी रणनीति पर आईजी प्रभात कुमार और डीआईजी मनोज रतन अपने विचार रखेंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन ड्रोन और हवाई खतरों पर एडीजी टी. कन्दसामी, आईजी नरेंद्र कुमार सिंह और एसपी हरविंदर सिंह चर्चा करेंगे। ब्लू इकॉनमी को सुरक्षित करने की स्थिति, चुनौतियों और आगे की रणनीति पर एडीजी टी. कन्दसामी और आईजी नरेंद्र कुमार सिंह भाग लेंगे।
सूचना युद्ध, फेक न्यूज और राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर आईजी प्रभात कुमार और आईजी असीम विक्रांत मिंज चर्चा करेंगे। बायो-सुरक्षा ढांचे पर आईजी प्रभात कुमार और डीआईजी नौशाद आलम अंसारी मंथन करेंगे।
इसके अलावा प्रदर्शन और आंदोलनों के नए रुझानों पर आईजी प्रभात कुमार, आईजी नरेंद्र कुमार सिंह, आईजी अनूप बिरथरे और डीआईजी नौशाद आलम अंसारी चर्चा करेंगे।
सम्मेलन में शामिल होने वाले 11 आईपीएस अधिकारी सम्मेलन में एडीजी टी. कन्दसामी, आईजी प्रभात कुमार, आईजी असीम विक्रांत मिंज, आईजी अनूप बिरथरे, आईजी नरेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी संजीव कुमार, डीआईजी मनोज रतन, डीआईजी नौशाद आलम अंसारी, एसपी राज कुमार मेहता, एसपी पूज्य प्रकाश और एसपी हरविंदर सिंह शामिल होंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य राष्ट्रीय और राज्यों की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील विषयों पर विशेषज्ञ स्तर पर विचार-विमर्श कर प्रभावी रणनीति तैयार करना है। बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच आतंकवाद, साइबर अपराध, अवैध घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी, ड्रोन खतरे, फेक न्यूज और विरोध-प्रदर्शनों के नए तरीकों से निपटने पर विशेष जोर रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित