हजारीबाग , सितंबर 18 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चोरी की 17 मोटरसाइकिल, एक टोटो और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में अपाची, ग्लैमर, होंडा साइन, स्पलेंडर, स्पलेंडर प्लस, पैशन प्रो और पल्सर समेत अन्य वाहन शामिल हैं।
इस संबंध में एसपी अमन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी को सूचना मिली थी कि पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह दोबारा सक्रिय हो गया है और चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद, डीएसपी मुख्यालय ज्ञान रंजन और एसडीपीओ सदर रूपक कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने छड़वा डैम के ब्रिज के पास संदिग्ध स्थिति में बाइक सवार चार युवकों को देखा। पुलिस को देखकर युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश, इरफान अंसारी उर्फ छोटे, मो. मुन्ना उर्फ ताहिर और तस्लीम अंसारी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 16 सितंबर को छड़वा मैदान से सुपर स्पलेंडर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लेदरी मुहल्ला स्थित घरों, करमा के बॉडी गैराज, डांटो जंगल और केरेडारी स्थित विभिन्न गैराजों में छापेमारी की। इन स्थानों से चोरी की कई मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार चोरी की कुछ मोटरसाइकिलों को केरेडारी के गैराजों में बेच दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में सरफराज आलम, पवन कुमार साव और फजरूदीन अंसारी उर्फ साहिल उर्फ छोटू भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में बड़कागांव, पेलावल, लोहसिंघना, कोर्रा, सदर, इचाक और ओरमांझी थाना क्षेत्रों में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामलों से जुड़े वाहन शामिल हैं।
बरामद वाहनों में बड़कागांव थाना कांड संख्या 163/26, पेलावल ओपी कांड संख्या 149/26, लोहसिंघना थाना कांड संख्या 123/26 एवं 120/26, कोर्रा थाना कांड संख्या 166/26, सदर थाना कांड संख्या 227/26 तथा इचाक थाना कांड संख्या 147/26 एवं 152/26 से संबंधित वाहन शामिल हैं। बरामद सामान में चोरी की 17 मोटरसाइकिल, चोरी का एक टोटो, दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
छापामारी दल में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार, पेलावल इंस्पेक्टर सपन कुमार महथा, सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार, पेलावल प्रभारी बिट्टू रजक, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, कोर्रा प्रभारी नामधारी रजक, पदमा प्रभारी श्रवण कुमार, मुफस्सिल प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुअनि टिन्कु कुमार सिंह, प्रमोद कुमार राय, कटकमदाग प्रभारी सरोज कुमार, पुअनि अनुपम प्रकाश समेत तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित