हजारीबाग , अगस्त 30 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा मंदिर के समीप अफीम तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के मामले में चौपारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने चतरा और बिहार के गया जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 10 किलो 100 ग्राम अफीम और अफीम कट के अलावा हथियार, कारतूस, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार, पिता राजकुमार दांगी, निवासी चतरा तथा सोनू कुमार, पिता संजय कुमार पाली, ग्राम काहूदाग, थाना बाराचट्टी, जिला गया के रूप में हुई है। वहीं मुठभेड़ में घायल अजय कुमार सिंह, पिता मुनेश सिंह साव, निवासी ग्राम चापी, थाना बाराचट्टी, जिला गया को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है।
पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक फ्रॉनिक्स कार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में की गई। मुठभेड़ के बाद दो तस्करों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में अफीम की बरामदगी को चौपारण पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी, इसके सप्लायर कौन हैं और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित