रांची , मई 17 -- झारखंड के सिमडेगा जिले के महाबुआंग थाना परिसर में ऑनड्यूटी आरक्षी राजू तिर्की की उनकी ही सर्विस राइफल से गोली चलने से मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे राजू तिर्की महाबुआंग थाना परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनकी सर्विस राइफल से गोली चल गई। गोली कैसे चली, यह अभी साफ नहीं है। गोली इतनी नजदीक से चली कि ठुड्डी में लगते हुए सीधे माथे को चीरकर निकल गई।

गोली की आवाज सुनते ही थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके की ओर दौड़े। साथी जवानों ने तुरंत घायल राजू तिर्की को उठाकर सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ देर तक पुलिसकर्मी भी समझ नहीं पाए कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही जिले के एसपी श्रीकांत एस खोटरे, एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह समेत कई अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अस्पताल परिसर में साथी जवान काफी गमगीन नजर आए। कई पुलिसकर्मियों की आंखें नम थीं। सभी अपने साथी की अचानक मौत से सदमे में दिखे।

एसपी श्री खोटरे ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला अपने ही हथियार से गोली लगने का लग रहा है। हालांकि गोली कैसे चली और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय की निगरानी में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित