साहिबगंज , अक्टूबर 21 -- झारखंड के साहिबगंज जिले में पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन परिसर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान एसपी अमित कुमार सिंह ने देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भी शहीदों को नमन किया तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के बलिदान और देश की सुरक्षा में उनके योगदान को याद किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और समर्पण को प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव, सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, सार्जेंट मेजर रोहित दुबे, नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे। सभी ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित