रांची , मई 19 -- झारखंड के सरायकेला जिले के चांडिल प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।

देर रात एक जंगली हाथी ने लावा बहेराडीह और काशीपुर गांव में जमकर उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

हाथी ने दोनों गांवों में पांच घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही घरों में रखा धान, चावल समेत अन्य खाद्यान्न भी बर्बाद कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग रातभर जागकर अपनी सुरक्षा करते रहे।

लावा बहेराडीह गांव में तरनी महतो, पूर्णचंद महतो और राजीव महतो के घरों को नुकसान पहुंचा। तरनी महतो के घर में रखा अनाज भी हाथी खा गया। इसके बाद हाथी काशीपुर गांव पहुंचा और वहां दो अन्य घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, यह अकेला हाथी पिछले कई दिनों से इलाके में सक्रिय है और रात के समय गांवों में घुसकर लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। पिछले एक सप्ताह में चांडिल प्रखंड के कई गांवों में एक दर्जन से अधिक घरों को नुकसान पहुंच चुका है।

घटना के बाद दोनों गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को सूचना देने के बावजूद टीम समय पर नहीं पहुंचती और अब तक प्रभावित परिवारों को मुआवजा भी नहीं मिला है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित