रांची , अक्टूबर 10 -- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर 2026 को झारखंड के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क सह बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा उन्हें आवश्यक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने हजारीबाग एवं रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्पडेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बीएलए-2 से अपने क्षेत्र के पात्र भारतीय नागरिकों तक पहुंचने, उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराने तथा आवेदन करने में आवश्यक सहयोग देने की अपील की।
चुनाव पाठशाला के माध्यम से विशेष रूप से युवा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया, आवश्यक आवेदन एवं संबंधित सहायता के बारे में जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित करना और यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में आवेदन करने से वंचित न रहे।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला-खरसावां एवं जमशेदपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिलों में जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के नेतृत्व में भी मेगा हेल्पडेस्क एवं संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर कार्यक्रमों की स्थिति, उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा मतदाताओं को दी जा रही सहायता का जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित