रांची , अप्रैल 24 -- झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत ढुलुवा खूंटा के समीप शराब से लदे वाहन की स्कूटी से टक्कर हो गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में रतिया भगत का 32 वर्षीय बेटा किशोर भगत, उनकी मां रतिया भगत की 53 वर्षीय पत्नी बिशुन भगताइन और किशोर का 26 वर्षीय चचेरा भाई निरंजन उरांव शामिल हैं। सभी कुडू थाना क्षेत्र के रोनिहा कोलसिमरी निवासी थे।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि स्कूटी पर सवार होकर कुडू थाना क्षेत्र के रोनिहा कोलसिमरी निवासी किशोर भगत, बिशुन भगताइन और निरंजन उरांव कुडू से रांची के मांडर स्थित अस्पताल जा रहे थे।
वे अस्पताल में भर्ती अपने एक रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान रांची की ओर से आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बिशुन भगताइन ने लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
वहीं ट्रक में अंग्रेजी शराब लदी हुई थी और वह रांची से डालटनगंज की ओर जा रहा था। ट्रक में सवार बिनत मुंडा, विकास मिंज और सिंकू राम को चोट आई है। तीनों रांची के गांधीनगर कांके रोड के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. मामले में जांच और पूछताछ कर रही है। शराब के संबंध में भी जांच जारी है।
वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया था सूचना मिलते ही कुडू सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
प्रशासन द्वारा मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई और अन्य सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लगभग एक घंटे बाद जाम हटाया गया।
कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि लोहरदगा में ट्रक और स्कूटी के बीच एक भयावह सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है। मृतकों में मां-बेटा और मृतक युवक का चचेरा भाई शामिल हैं। शराब लदे वाहन से दुर्घटना हुई है। वाहन रांची से डाल्टेनगंज जा रहा है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित