लातेहार , मई 29 -- झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पुलिस ने जब्त की, जिसकी कीमत लगभग सवा करोड़ रुपये आंकी गई है।
अवैध शराब कारोबार के खिलाफ इस कार्रवाई से शराब माफियाओं के पूरे नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया।
सासंग मोड़ के समीप शुक्रवार को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर करोड़ों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब से लदे 12 चक्का ट्रक, स्कॉर्पियो और क्रेटा कार को जब्त कर लिया। शराब की यह खेप रांची से पलामू-गढ़वा की ओर भेजी जा रही थी। पुलिस ने मौके से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना और ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
चंदवा थाना परिसर में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक 12 चक्का ट्रक (आरजे 19 जीके 7002) में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सासंग मोड़ पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान आगे-आगे स्कॉर्पियो (ओडी 23 एच 7878) और क्रेटा कार (जेएच 01 जीए 4979) तथा पीछे ट्रक आता दिखाई दिया।
पुलिस को शक हुआ कि दोनों गाड़ियां ट्रक को सुरक्षित रास्ता देने के लिए एस्कॉर्ट कर रही थीं। जैसे ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर तीनों वाहनों को रोका, तस्करों के चेहरे उतर गए। तलाशी के दौरान ट्रक में धान की भूसी से भरे 200 बोरों के बीच शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। वहीं स्कॉर्पियो और क्रेटा की डिक्की से भी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस की कार्रवाई इतनी ताबड़तोड़ थी कि माफियाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि गिरोह का मुख्य सरगना रंजीत यादव उर्फ गोलू (पिता परमेश्वर यादव, सेरेनदाग, हेरहंज) तथा ट्रक चालक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से सूरज कुमार (लुकइया, चंदवा), प्रकाश कुमार रवानी (इसरी, निमियाघाट, गिरिडीह), रामकुमार पांडेय (बिष्णुगढ़, हजारीबाग), गौतम कुमार (अलौदिया, चंदवा) एवं छोटू कुमार यादव (सेरेनदाग) को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। बरामद शराब देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
अभियान में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, एसआई राकेश कुमार महतो, एसआई संतदेव कुमार, एसआई अजीत कुमार, एएसआई राजू कुमार दास समेत चंदवा थाना पुलिस और सैट-209 सिकनी पिकेट के जवान शामिल थे।
बरामद हुई सामग्री मेंस्कार्पियो (ओडी 23 एच 7878), क्रेटा कार (जेएच 01 जीए 4979), 12 चक्का ट्रक (आरजे 19 जीके 7002), आल सीजन गोल्डन कलेक्शन रिजर्व व्हिस्की 180 एमएल की 15 पेटी, रायल चैलेंज 180 एमएल की 10 पेटी, धान की भूसी से भरे 200 बोरे, रायल चैलेंज 180 एमएल की 290 पेटी, आल सीजन गोल्डन कलेक्शन रिजर्व व्हिस्की 180 एमएल की 699 पेटी, मैकडावेल्स व्हिस्की 180 एमएल की 20 पेटी, मैकडावेल्स व्हिस्की 750 एमएल की 20 पेटी बरामद की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित