रांची , मई 18 -- झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बसिया ब्रिज के पास सोमवार को एक हाइवा और ऑटो में टक्कर में सवार 11 लोग घायल हो गए, जिसमें चार लोगों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
बालूमाथ में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बालूमाथ से ऑटो पर सवार होकर महिलाएं और लड़कियां मुरपा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर हाइवा से टकराकर पलट गई। इस घटना में ऑटो में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य किया और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ। अलीशा टोप्पो ने सभी घायलों का इलाज किया। इनमें चार लोगों की स्थिति अत्यंत नाजुक रहने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद मुस्तरी खातून, रेखा देवी, किरण देवी और मधु देवी को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है।
इस संबंध में डॉ. आलीशा ने बताया कि घायलों में 7 से 8 लोगों का तो इलाज बालूमाथ में ही किया जा रहा है लेकिन चार लोगों की स्थिति अत्यंत नाजुक रहने के कारण उन्हें रांची रेफर करना पड़ा। इधर इस संबंध में थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित