लातेहार , जुलाई 10 -- झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड की रजवार पंचायत अंतर्गत गुरतुर गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया।
घर के बाहर बैठे 65 वर्षीय केशव राम की एक 25 वर्षीय महिला ने टांगी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित महिला को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक केशव राम अपने घर के समीप बैठे थे। इसी दौरान गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव की रहने वाली सुनीता कुमारी वहां पहुंची और अचानक उन पर टांगी से हमला कर दिया। बताया जाता है कि जान बचाने के लिए वृद्ध भागने का प्रयास करते रहे, लेकिन महिला ने उनका पीछा करते हुए कई बार वार किया। गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक के स्वजनों ने बताया कि हमला करने के दौरान महिला लगातार कह रही थी कि "मेरे पिता की हत्या इसी ने की थी, आज उसका बदला ले रही हूं।" स्वजनों के अनुसार सुनीता करीब तीन माह पूर्व अपने मायके गुरतुर आई थी। हालांकि जिस घटना का वह जिक्र कर रही है, उसके संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला हत्या के पीछे पुराने विवाद और बदले की बात कह रही है, लेकिन अब तक इसका कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। पुलिस पुराने अभिलेखों की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है।
मामले का पूरा सच जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वारदात के बाद गुरतुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण दिनभर घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित