रामगढ़ , अक्टूबर 15 -- झारखंड के रामगढ़ स्थित पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) ने गुरुवार को परियोजना कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में 12वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया।
इस दौरान कंपनी की उपलब्धियों, परिचालन प्रगति और झारखंड के विकास में योगदान को रेखांकित किया गया।
समारोह का शुभारंभ महाप्रबंधक (परियोजना) बिष्णु दत्ता दास ने कंपनी का ध्वज फहराकर किया। इसके बाद गुब्बारे छोड़कर और केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां मनाई गईं। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (संचालन) प्रशांत पाटिल, महाप्रबंधक (अनुरक्षण) आरके निरंजन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख और कर्मचारी शामिल हुए।
पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एके सहगल और कंपनी के अध्यक्ष एवं एनटीपीसी के निदेशक (परियोजनाएं) केएस सुंदरम ऑनलाइन माध्यम से समारोह से जुड़े। सहगल ने कंपनी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने परिचालन उत्कृष्टता, बान्हरडीह कोयला खनन परियोजना में प्रगति तथा आसपास के समुदायों के कल्याण के लिए संचालित सामाजिक दायित्व की योजनाओं में टीम के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कर्मचारियों से भविष्य के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए इसी लगन से काम करने का आह्वान किया।
वहीं, केएस सुंदरम ने कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी की विकास यात्रा में कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों की भी अहम भूमिका है। उन्होंने आपसी सहयोग और उत्कृष्टता की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर पीवीयूएनएल की 12 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित प्रस्तुति दिखाई गई। इसमें कंपनी की प्रमुख उपलब्धियों, परिचालन प्रगति और सतत विकास के साथ सामुदायिक कल्याण के लिए किए गए प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। समारोह ने विद्युत उत्पादन के साथ क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में निरंतर योगदान देने के कंपनी के संकल्प को दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित