रामगढ़ , अगस्त 02 -- झारखंड के रामगढ़ जिला के पतरातू थाना क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के दौरान हुई वज्रपात की घटनाओं ने तीन महिलाओं की जान ले ली, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। सभी महिलाएं खेत में काम कर रही थीं, तभी अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं।
पहली घटना सांकूल गांव की है, जहां खेत में काम कर रही रेखा देवी और रोशनी कुमारी वज्रपात की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी घटना पलानी गांव में हुई। यहां खेत में काम कर रहीं सुशांति देवी, सुनीता देवी और कंचन कुमारी पर भी आकाशीय बिजली गिर गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के माध्यम से तीनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी का इलाज चल रहा है।
लगातार हो रही बारिश के बीच क्षेत्र में हुई इन घटनाओं से गांवों में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और गर्जन-तर्जन के दौरान खुले स्थानों एवं खेतों में काम करने से बचने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित