रामगढ़ , जून 11 -- : झारखंड के रामगढ़ जिले के किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज ने समाहरणालय परिसर से लगभग दो टन आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए रवाना किया। यह आम पतरातू, दुलमी और मांडू प्रखंड के किसानों द्वारा उत्पादित किया गया है। खेप को पहले कोलकाता भेजा जाएगा, जहां गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण एवं निर्यात संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसे यूके के बाजारों तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ के किसानों द्वारा उत्पादित आम का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना उनकी मेहनत और जिले की कृषि क्षमता का प्रमाण है। आने वाले समय में अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन सुविधाओं से जुड़ने के कारण रामगढ़ के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी अनुज राणा, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी मनरेगा विजय कुमार सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा किसान प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित