रामगढ़ , अप्रैल 14 -- झारखंड के रामगढ़ जिले की पतरातू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।

दोनों अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस ने इनके पास से 9 एमएम कार्बाइन, 7.65 एमएम देशी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मंगलवार को प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि बीती रात गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र के हेसला गांव में राहुल दुबे गिरोह के सदस्य अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान के समीप बाइक संख्या जेएच 02एबी 5319 पर सवार दो युवकों को रोका गया। पूछताछ और तलाशी लेने पर करन करमाली के कमर से 7.65 एमएम लोडेड देशी पिस्टल बरामद किया गया, जिसमें तीन जिंदा गोलियां थीं।

वहीं बाइक के पीछे टंगे बैग से 9 एमएम लोडेड देशी कार्बाइन बरामद की गई, जिसमें दो जिंदा गोलियां मिलीं। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान करन करमाली (19 वर्ष), पिता स्व. सागर करमाली, निवासी हेसला थाना पतरातू तथा शिवम मिश्रा उर्फ शिवम आनंद उर्फ नंदू (23 वर्ष), पिता विरेंद्र कुमार मिश्रा, निवासी जनतानगर टाइप-1 थाना पतरातू के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गिरोह के लिए काम करते हैं तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने निकले थे।

दोनों ने यह भी स्वीकार किया कि 4 अप्रैल को पतरातू स्थित ऑसम डेयरी प्लांट में हुई गोलीबारी की घटना में उनकी संलिप्तता रही है। इस मामले में पतरातू थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित