रांची , अप्रैल 12 -- झारखंड की राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगामाटी स्थित एक स्कूल में उत्पाद सिपाही परीक्षा के पेपर लीक का खुलासा हुआ।

वहीं पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सूचना मिली कि रांगामाटी स्थित स्कूल में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी मौजूद हैं और यह स्कूल रांगामाटी मेन रोड से बाईं ओर करीब डेढ़ से दो किलोमीटर अंदर स्थित है।

जब रांची पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो पुलिस को देखते ही दो परीक्षार्थी वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने मौके से कुछ परीक्षार्थियों को हिरासत में लिया।

वहीं चार लोगों को तमाड़ थाना की पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

इस मामले में ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि पेपर लीक से संबंधित सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। फिलहाल जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। पूरे घटनाक्रम पर उच्च अधिकारियों की नजर बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित