बोकारो , अक्टूबर 24 -- झारखंड के बोकारो - गोमिया में ट्रेन की चपेट में आने से व्यवसायी की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सुबह की सैर पर निकले 44 वर्षीय डीटीएच व्यवसायी हेमंत कुमार उर्फ रंजन कुमार की शनिवार अहले सुबह ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद बाबुगली इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेमंत कुमार घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान सियारी पंचायत के ओचो मचवाटांड के पास रेलवे पोल संख्या 51/12 से 51/14 के बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पिता की मौत की खबर से बेटे विनीत कुमार का बुरा हाल है। मृतक की पत्नी सोनी देवी पलिहारी गुरुडीह पंचायत की वार्ड संख्या आठ की वार्ड सदस्य हैं।

सूचना पर गोमिया जीआरपी प्रभारी शैलेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव गोमिया थाना पुलिस को सौंपा गया। एसआई सुरेश टोप्पो ने शव को अन्तपरीक्षण के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित